ऊर्जा विभाग में नए ऊर्जा सचिव के रूप में के. श्रीनिवासन के पदभार संभालने के बाद से ही विभाग में अनुशासन को लेकर कड़ा रुख देखने को मिल रहा है। उन्होंने साफ शब्दों में संकेत दे दिया है कि काम में किसी भी तरह की लापरवाही या गैरजिम्मेदारी को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनके इस सख्त तेवर से विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों में हलचल मच गई है।
इसी क्रम में बिजली वितरण निगम के जीएम (आईटी) धनंजय कुमार के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जानकारी के अनुसार, धनंजय कुमार 5 मार्च को बिना किसी पूर्व सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित रहे थे। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ऊर्जा सचिव ने नाराजगी जाहिर की। श्रीनिवासन ने निर्देश दिया है कि जीएम आईटी धनंजय कुमार का वेतन अगले आदेश तक रोक दिया जाए। इसके साथ ही उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
ऊर्जा सचिव के इस कदम को विभाग में अनुशासन स्थापित करने की दिशा में एक सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। अधिकारियों को साफ तौर पर संकेत दिया गया है कि जिम्मेदारियों के निर्वहन में ढिलाई अब किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी।