23 फरवरी को संपन्न हुए झारखंड के 48 नगर निकायों के चुनाव के बाद आज शुक्रवार सुबह 8 बजे से मतों की गिनती प्रारंभ हो गई। राज्यभर में बनाए गए मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं और प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए विशेष टास्क फोर्स को सक्रिय रखा है। सुबह 10 बजे के बाद शुरुआती रुझान सामने आने लगे, जबकि दोपहर तक अधिकांश सीटों की तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है।
रांची में सुकुरहुट्टू स्थित ट्रांसपोर्ट नगर परिसर को मतगणना स्थल बनाया गया है। यहां 10 कमरों में कुल 246 टेबल लगाए गए हैं। प्रत्येक कक्ष में 25 टेबल पर सीसीटीवी की निगरानी में गिनती जारी है। बिना अधिकृत पास किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं है।
धनबाद के राजकीय पॉलिटेक्निक केंद्र पर सुबह हल्का तनाव देखने को मिला। कुछ प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं को अंदर प्रवेश से रोके जाने पर विवाद हुआ। अभिकर्ता बबलू बनर्जी ने आरोप लगाया कि अंतिम समय में नियमों में बदलाव किया गया, जिससे निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में मतगणना चल रही है। वार्ड 1 से 36 तक की गिनती छह हॉल में की जा रही है। महापौर पद के लिए अतिरिक्त सहायक निर्वाची पदाधिकारियों की तैनाती की गई है, ताकि परिणाम घोषित करने में देरी न हो।
पलामू जिले के मेदिनीनगर नगर निगम, विश्रामपुर नगर परिषद तथा हुसैनाबाद, हरिहरगंज और छतरपुर नगर पंचायतों की मतगणना जीएलए कॉलेज के बहुउद्देश्यीय भवन में एक साथ हो रही है।
कोडरमा के बागीटांड स्थित माइनिंग कॉलेज के पुराने भवन में मतगणना जारी है। झुमरी तिलैया नगर परिषद, डोमचांच नगर पंचायत और कोडरमा नगर पंचायत के लिए अलग-अलग हॉल निर्धारित किए गए हैं।
लोहरदगा नगर परिषद चुनाव की मतगणना 24 टेबलों पर दो राउंड में की जा रही है। सुरक्षा के बीच निर्धारित समय पर प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
गुमला में कार्तिक उरांव कॉलेज परिसर में मतों की गिनती हो रही है। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में रखा है।
रामगढ़ कॉलेज में भी सुबह से ही प्रत्याशियों और समर्थकों की भीड़ देखी गई। वार्ड 1 से 14 तक के अधिकृत व्यक्तियों को ही सघन जांच के बाद प्रवेश दिया जा रहा है।
गिरिडीह में मतगणना शुरू होते ही केंद्र पर समर्थकों की भीड़ जुट गई।
चतरा में 14 टेबलों पर तीन चरणों में बैलेट पेपर की गिनती होनी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर स्पष्ट किया कि अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
मधुपुर नगर परिषद के लिए राजाभिठा स्थित महिला महाविद्यालय परिसर में मतगणना की जा रही है। 46 मतदान केंद्रों के मत 10 टेबलों पर पांच चरणों में गिने जा रहे हैं। यहां 30 कर्मियों की तैनाती की गई है, जबकि आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त कर्मी भी तैयार रखे गए हैं। दो-स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है।
राज्य के विभिन्न जिलों में कड़ी निगरानी, सीसीटीवी कैमरों और प्रशासनिक सतर्कता के बीच मतगणना जारी है। जैसे-जैसे राउंड पूरे होंगे, झारखंड के शहरी निकायों में नई सत्ता संरचना की तस्वीर साफ होती जाएगी।