रांची में मतगणना स्थल पर असमंजस, हाईकोर्ट के निर्देश के बाद पांच वैकल्पिक भवन चिन्हित

रांची में मतगणना स्थल पर असमंजस, हाईकोर्ट के निर्देश के बाद पांच वैकल्पिक भवन चिन्हित

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 28, 2026, 3:52:00 PM

झारखंड नगर निकाय चुनावों को लेकर राजधानी रांची में मतगणना स्थल को लेकर स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। हाईकोर्ट के आदेश के चलते पंडरा बाजार स्थित मतगणना केंद्र पर रोक लगाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पांच वैकल्पिक भवनों को चिह्नित किया है, जिन्हें मतगणना केंद्र और बज्रगृह के संभावित विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।

इस सिलसिले में रांची के उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित विभागों को पत्र जारी कर इन भवनों का भौतिक सत्यापन कराने और विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का मानना है कि आगामी चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सुरक्षित और उपयुक्त स्थानों की पहले से पहचान जरूरी है।

प्रशासन द्वारा जिन संभावित स्थलों को सूचीबद्ध किया गया है, उनमें खेलगांव स्थित शेख भिखारी प्रशासनिक भवन परिसर, मोरहाबादी क्षेत्र में स्थित बुधु भगत विश्वविद्यालय (डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय), नामकुम के सिरका टोली स्थित झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी, नामकुम रिंग रोड पर स्थित सरला बिरला यूनिवर्सिटी तथा कांके रिंग रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर शामिल हैं। इन सभी स्थानों का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसे आगे संबंधित कार्यालयों को भेजा जाएगा।

हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल पंडरा बाजार को ही मतगणना केंद्र मानते हुए तैयारियां जारी हैं। उन्होंने कहा कि अब तक जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से किसी भी वैकल्पिक स्थल का औपचारिक प्रस्ताव राज्य निर्वाचन आयोग को नहीं भेजा गया है।

इस तरह, जहां एक ओर जिला प्रशासन न्यायालय के आदेश को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था पर काम कर रहा है, वहीं दूसरी ओर राज्य निर्वाचन आयोग की योजना फिलहाल पंडरा बाजार को केंद्र में रखकर ही बनी हुई है। जिला प्रशासन के प्रस्ताव सामने आने के बाद आने वाले दिनों में मतगणना स्थल को लेकर तस्वीर और स्पष्ट होने की संभावना है।