बोकारो : एयरपोर्ट संचालन और इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की मांग को लेकर मुख्य सचिव से मिले भाजपा नेता कुमार अमित

बोकारो : एयरपोर्ट संचालन और इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की मांग को लेकर मुख्य सचिव से मिले भाजपा नेता कुमार अमित

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 02, 2026, 5:47:00 PM

बोकारो एयरपोर्ट से यात्री विमानों की उड़ान शुरू कराने और जिले में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर स्थापित करने की मांग को लेकर भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुमार अमित ने रांची स्थित सचिवालय में झारखंड सरकार के मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने इन मुद्दों पर राज्य सरकार से ठोस और विशेष पहल करने की अपील की।

कुमार अमित ने मुख्य सचिव को एक ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से बने बोकारो एयरपोर्ट से नियमित यात्री उड़ानें शुरू होने का इंतजार स्थानीय लोग लंबे समय से कर रहे हैं। उनका कहना था कि हवाई सेवाओं की शुरुआत से न सिर्फ आवागमन सुगम होगा, बल्कि बोकारो के औद्योगिक और व्यावसायिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि बोकारो में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की स्थापना समय की मांग है। इससे निवेश को बढ़ावा मिलेगा और बड़ी संख्या में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। साथ ही, कुमार अमित ने शहर में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

मुलाकात के दौरान उन्होंने बोकारो स्टील प्लांट के लंबित विस्तार कार्य को आगे बढ़ाने के लिए सरकार स्तर पर प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया। उन्होंने मुख्य सचिव अविनाश कुमार को शॉल ओढ़ाकर और मोमेंटो भेंट कर बोकारोवासियों की ओर से आभार भी व्यक्त किया। कुमार अमित ने कहा कि राज्य के सर्वोच्च प्रशासनिक पद पर उनकी मौजूदगी से बोकारो के लोगों में विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है।

मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।