उपराष्ट्रपति के दौरे से पहले VVIP सुरक्षा का ब्लूप्रिंट तैयार, रांची-खूंटी में छह आईपीएस तैनात

उपराष्ट्रपति के दौरे से पहले VVIP सुरक्षा का ब्लूप्रिंट तैयार, रांची-खूंटी में छह आईपीएस तैनात

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 27, 2026, 11:56:00 AM

उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित झारखंड दौरे को ध्यान में रखते हुए राज्य पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में रांची और खूंटी जिलों में छह वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की विशेष तैनाती की गई है, ताकि दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक न हो।

पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, इन अधिकारियों को संबंधित जिलों में पहुंचकर वहां के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) और पुलिस अधीक्षक (SP) के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया है। उनका दायित्व रहेगा कि उपराष्ट्रपति के आगमन से लेकर पूरे कार्यक्रम के समापन तक सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रहे।

रांची जिले में जिन अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, उनमें एसपी सीटीसी मुसाबनी विजय आशीष कुजूर, अनुसंधान प्रशिक्षण विद्यालय रांची के एसपी अजय कुमार सिन्हा और जैप-08 लेस्लीगंज (पलामू) की कमांडेंट मूमल राजपुरोहित शामिल हैं।

वहीं खूंटी जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जैप-02 टाटीसिल्वे (रांची) की कमांडेंट सरोजनी लकड़ा, विशेष शाखा (SIB) के एसपी नाथू सिंह मीणा और जैप-06 जमशेदपुर के कमांडेंट राजेश कुमार को तैनात किया गया है।

पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि सभी नियुक्त अधिकारी निर्धारित तिथि पर अपनी-अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर सुरक्षा के हर पहलू पर नजर रखेंगे, ताकि उपराष्ट्रपति का दौरा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।