झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि के अवसर पर रांची स्थित लोक भवन में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने धरती आबा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने कहा कि बिरसा मुंडा केवल जनजातीय समाज के महान नेता ही नहीं थे, बल्कि सामाजिक जागरण, आत्मसम्मान और राष्ट्रीय चेतना के प्रतीक भी थे। उन्होंने अपने जीवन को समाज के अधिकारों, सम्मान और बेहतर भविष्य के लिए समर्पित किया।
राज्यपाल ने कहा कि बिरसा मुंडा का संघर्ष, नेतृत्व और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों और उद्देश्य से समझौता नहीं किया, जिसके कारण वे आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा बने हुए हैं।
उन्होंने लोगों से भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर सामाजिक न्याय, समानता और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को आगे बढ़ाया जा सकता है।