रांची में रामनवमी के मद्देनज़र तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इस बीच झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) के रांची विद्युत आपूर्ति अंचल ने आयोजन समितियों, शोभायात्रा संचालकों और आम नागरिकों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। ये निर्देश उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जारी किए गए हैं, जिनका उद्देश्य पर्व के दौरान किसी भी तरह की विद्युत दुर्घटना को रोकना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि रामनवमी के दिन निकलने वाली शोभायात्राओं के दौरान बिजली आपूर्ति सामान्य रूप से जारी रहेगी और इसे बाधित नहीं किया जाएगा। ऐसे में आयोजकों और श्रद्धालुओं को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, ताकि बिजली के तारों और उपकरणों से किसी प्रकार का खतरा न उत्पन्न हो। एडवाइजरी में झांकियों और डीजे वाहनों की ऊंचाई को लेकर विशेष निर्देश दिए गए हैं। विभाग के अनुसार, किसी भी वाहन या झांकी की ऊंचाई 4 मीटर (करीब 13 फीट) से अधिक नहीं होनी चाहिए। यह सीमा इसलिए तय की गई है ताकि ऊंचे ढांचे बिजली के तारों के संपर्क में न आएं और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो। साथ ही, शोभायात्रा के दौरान झंडे, बैनर या अन्य ऊंचे ढांचे ले जाते समय बिजली के तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने पर जोर दिया गया है। विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि चलती गाड़ियों की छत पर खड़े होकर ऊंचे सामान के साथ यात्रा करना जोखिम भरा हो सकता है, इसलिए इससे बचना जरूरी है। आयोजन समितियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने स्वयंसेवकों को सक्रिय रखें। वालंटियर्स की जिम्मेदारी होगी कि वे पूरे जुलूस के दौरान नजर बनाए रखें और किसी भी संभावित खतरे की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करते हुए लोगों को सतर्क करें। इसके अलावा, अत्यधिक ऊंचे या बड़े वाहनों के उपयोग पर भी रोक लगाई गई है। आयोजकों को निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। आपात स्थिति से निपटने के लिए बिजली विभाग ने कई हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, जिन पर संपर्क कर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकती है: