झारखंड हाईकोर्ट की सख्ती के बाद JPSC ने घोषित की JET-2024 परीक्षा तिथि

झारखंड हाईकोर्ट की सख्ती के बाद JPSC ने घोषित की JET-2024 परीक्षा तिथि

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 12, 2026, 2:22:00 PM

झारखंड एलिजिबिलिटी टेस्ट (JET) 2024 को लेकर चल रही अनिश्चितता के बीच झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी अदालत में पेश की है। आयोग ने बताया कि यह परीक्षा 29 मार्च को आयोजित की जाएगी और इसका परिणाम मई माह तक जारी करने का लक्ष्य रखा गया है।

यह जानकारी गुरुवार को झारखंड हाईकोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान दी गई। मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश एम.एस. सोनक और न्यायमूर्ति राजेश शंकर की खंडपीठ के समक्ष हुई, जहां जेपीएससी के सचिव ने आयोग की ओर से परीक्षा कार्यक्रम का ब्योरा रखा।

दरअसल, यह मुद्दा असिस्टेंट प्रोफेसर और विश्वविद्यालयों में शिक्षकेत्तर कर्मियों की नियुक्ति से जुड़ी एक जनहित याचिका की सुनवाई के दौरान सामने आया था। अदालत ने परीक्षा प्रक्रिया में हो रही देरी को लेकर कड़ा रुख अपनाया था, जिसके बाद आयोग ने परीक्षा की तिथि और परिणाम जारी करने की संभावित समय-सीमा स्पष्ट की।

सुनवाई के दौरान जेपीएससी की ओर से अधिवक्ता संजोय पीपरवाल और प्रिंस कुमार ने अदालत के समक्ष आयोग का पक्ष रखा। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 9 अप्रैल की तिथि निर्धारित की है।