जमीन बेचने के नाम पर करोड़ों की ठगी! लंबे समय बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी

जमीन बेचने के नाम पर करोड़ों की ठगी! लंबे समय बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी

धनबाद में जमीन और मकान की खरीद-बिक्री के नाम पर कथित करोड़ों रुपये की ठगी के चर्चित मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी आशीष कुमार गुप्ता को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। कोलकाता से पकड़े गए आरोपी को धनबाद लाकर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आरोपी मनईटांड क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है और उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इस मामले की जांच उस शिकायत के बाद शुरू हुई थी, जिसमें हीरापुर चीरागोड़ा निवासी सुनील कुमार ने धनबाद थाना में आशीष कुमार गुप्ता के खिलाफ 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। केस दर्ज होने के बाद से ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसकी तलाश लगातार जारी थी।

जांच के दौरान पुलिस के सामने यह भी सामने आया कि आरोपी पर केवल एक व्यक्ति से नहीं, बल्कि कई लोगों को जमीन और मकान का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठने के आरोप हैं। आरोप है कि उसने मनईटांड स्थित मकान और कुर्मीडीह की जमीन बेचने का दावा कर कई लोगों से बड़ी रकम वसूली, लेकिन संपत्ति का सौदा पूरा नहीं किया। इस संबंध में धनबाद थाना के अलावा धनसार, बैंक मोड़ और कतरास सहित जिले के कई थानों में अलग-अलग मामले दर्ज हैं।

एक अन्य शिकायतकर्ता अमित कुमार ने भी आरोप लगाया है कि आशीष कुमार गुप्ता ने उन्हें मकान और जमीन दिलाने का भरोसा देकर करीब 57 लाख रुपये की ठगी की। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी से पहले न्यायालय के आदेश पर आरोपी के आवास पर इश्तेहार भी चस्पा किया गया था और उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद वह लगातार फरार रहा। अंततः पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर उसे कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस मामले में दर्ज अन्य शिकायतों और संभावित वित्तीय लेन-देन की भी जांच आगे बढ़ा रही है।

धनबाद से नितीश की रिपोर्ट