विधानसभा तक पहुंचा छात्रों का हुजूम, 200 मीटर पहले प्रशासन ने लगाया ब्रेक

विधानसभा तक पहुंचा छात्रों का हुजूम, 200 मीटर पहले प्रशासन ने लगाया ब्रेक

रांची में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहा छात्र आंदोलन सोमवार को अहम मोड़ पर पहुंच गया। राज्य के अलग-अलग जिलों से जुटे बड़ी संख्या में छात्र तिरंगा, पोस्टर और बैनर लेकर विधानसभा के करीब तक पहुंच गए। प्रशासन ने विधानसभा से करीब 200 मीटर पहले ही प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जिसके बाद छात्र वहीं धरने पर बैठ गए।

प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन ने इलाके में बैरिकेडिंग कर रखी थी। छात्रों का काफिला बैरिकेडिंग तक पहुंचने के बाद वहीं रुक गया और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए धरना शुरू कर दिया।

इसी दौरान JLKM विधायक जयराम महतो ने आंदोलन कर रहे छात्रों से बातचीत की। माना जा रहा है कि बातचीत के जरिए आंदोलन की स्थिति और छात्रों की मांगों को समझने की कोशिश की गई।

वहीं, कुछ प्रदर्शनकारी छात्र विधानसभा परिसर के भीतर भी पहुंच गए और वहां बैठकर विरोध दर्ज कराया। विधानसभा के आसपास बड़ी संख्या में छात्रों की मौजूदगी के कारण सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्रों का यह आंदोलन लगातार तेज हो रहा है। विधानसभा तक पहुंचने के बाद अब प्रदर्शनकारियों ने वहीं डेरा डाल दिया है, जिससे प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच गतिरोध की स्थिति बनी हुई है।