बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड के चतरो चट्टी थाना क्षेत्र स्थित मुरपा गांव में एक प्रेमी जोड़े की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह गांव के पास एक पेड़ से युवक और युवती के शव फंदे से लटके मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों ने शादी में हो रही देरी से आहत होकर आत्महत्या कर ली हो सकती है।
मृतकों की पहचान मुरपा गांव की रहने वाली सावित्री कुमारी और विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के डुमरिया टांड़ गांव निवासी फूलचंद मांझी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और वे विवाह करना चाहते थे।
परिजनों के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई थी और सहमति के साथ शादी के लिए करीब एक वर्ष का समय तय किया गया था। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि युवक-युवती इस इंतजार को लेकर आश्वस्त नहीं हो पाए और इसी वजह से उन्होंने यह कदम उठा लिया।
जानकारी के अनुसार, होली से एक दिन पहले मंगलवार को दोनों अपने-अपने घरों से सरहुल मेला देखने जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजन उनकी तलाश में जुट गए। करीब दो दिनों तक खोजबीन के बाद 5 मार्च की सुबह प्रेमिका के घर से लगभग 100 मीटर दूरी पर एक पेड़ पर दोनों के शव फंदे से लटके हुए पाए गए।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके के लोग मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों शवों को पेड़ से नीचे उतार लिया।
इस संबंध में चतरो चट्टी थाना प्रभारी शशि शेखर ने बताया कि मौके पर दोनों शव फंदे से लटके हुए मिले हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। प्रारंभिक जांच में कुछ संकेत मिले हैं, लेकिन पूरी जांच के बाद ही घटना की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस प्रेम संबंध और शादी में हो रही देरी को एक संभावित कारण मानते हुए सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है।