रामगढ़ : रामगढ़ जिले के सिद्धू-कान्हू मैदान में होमगार्ड बहाली प्रक्रिया के तहत आज मांडू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा सुव्यवस्थित और उत्साहपूर्ण माहौल में संचालित हो रही है।
जिला प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच पूरी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ रही है। सुबह 5:00 बजे से कागजातों के शुरुआती सत्यापन के उपरांत महिला अभ्यर्थियों को मैदान के अंदर प्रवेश कराया गया।
सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद मांडू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की दौड़ का शुभारंभ किया गया, जिसके तहत अब तक पाँचवाँ बैच सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। वहीं, अन्य शारीरिक जांच परीक्षाएं भी निरंतर जारी हैं।
बहाली प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी रखने के लिए मैदान में वीडियोग्राफी और सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी रखी जा रही है। जिला प्रशासन और पुलिस बल के अधिकारी पूरी मुस्तैदी के साथ हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा संपन्न हो सके।
अभ्यर्थियों की भारी संख्या को देखते हुए मैदान पर पेयजल, बैठने के लिए शेड, और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस के साथ मेडिकल टीम पूरी तरह मुस्तैद है। महिला अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
जिला प्रशासन सभी अभ्यर्थियों को निष्पक्ष और सुगम प्रक्रिया का भरोसा दिलाता है तथा उनसे अपील करता है कि वे अनुशासन बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
रामगढ़ से सौरव नारायण सिंह की रिपोर्ट