झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने विशेष रूप से हेवी व्हीकल ड्राइविंग लाइसेंस एवं लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया को अधिक सरल, सुगम एवं पारदर्शी बनाने पर बल दिया है। साथ ही साथ उन्होंने राज्य के सभी जिलों के उपायुक्तों को लंबित आवेदनों की समीक्षा कर उनका त्वरित एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसी क्रम में राज्य के कई जिलों के उपायुक्त ने लाभुकों से संवाद किया।
दरअसल सीएम ने उपायुक्तों को लाभुकों के लिए लर्निंग लाइसेंस प्रक्रिया को सुगम बनाने को लेकर बल दिया है। सीएम के इस निर्देश का सभी जिलों में पालन भी हो रहा है। इसी क्रम में राज्य के पलामू, सरायकेला-खरसावां, धनबाद सहित कई अन्य जिलों के लाभुकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं गयी और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर पलामू उपायुक्त ने सांकेतिक रूप से 15 ड्राइविंग लाइसेंस आवेदक को दिया एवं उन्हें सड़क सुरक्षा के नियम का पालन करने हेतु प्रेरित किया साथ ही घायलों को अस्पताल पहुचाने हेतु प्रेरित किया। मिली जानकारी के अनुसार गत जून माह में कैम्प के माध्यम से कुल 1598 व्यक्तियों ने नौसिखुआ अनुज्ञप्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है जिसमे कुल 1220 व्यक्तियों को नौसिखुआ अनुज्ञप्ति दिया गया है।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट