पलामू में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, डिजिटल सिस्टम पर रहेगा पूरा फोकस

पलामू में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, डिजिटल सिस्टम पर रहेगा पूरा फोकस

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Apr 08, 2026, 4:01:00 PM

पलामू जिले में आगामी जनगणना-2027 को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों को गति दी जा रही है। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में उपायुक्त समीरा एस की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनगणना से जुड़े कार्यों की प्रगति और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से चल रहे कार्यों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लिए नियुक्त चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिया कि मकान सूचीकरण ब्लॉक (एचएलबी) की मैपिंग तय समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरी की जाए। साथ ही प्रशिक्षण के दौरान दिए गए दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

उपायुक्त ने बताया कि 2027 की जनगणना देश में पहली बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न कराई जाएगी। इसके लिए सीएमएमएस पोर्टल, स्वयं गणना पोर्टल और मोबाइल एप का उपयोग विभिन्न चरणों में किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोगों को स्वयं गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।

इसके अलावा बैठक में जनगणना कोषांग के गठन, जिला स्तर पर नोडल पदाधिकारी की पहचान, प्रशासनिक लॉगिन आईडी और पासवर्ड को सक्रिय करने जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि फील्ड स्तर पर कार्यों के संचालन के लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का डाटा शीघ्रता से पोर्टल पर अपलोड किया जाए।

इस बैठक में उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, अपर समाहर्ता सह जिला जनगणना पदाधिकारी कुंदन कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी शिशिर तिग्गा समेत विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारी, नगर निकायों के प्रतिनिधि और जनगणना कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।