पलामू प्रशासन का मानवीय चेहरा, दिव्यांग दंपति की मदद के लिए बढ़ाया कदम

पलामू प्रशासन का मानवीय चेहरा, दिव्यांग दंपति की मदद के लिए बढ़ाया कदम

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jun 22, 2026, 2:33:00 PM

पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सोमवार को समाहरणालय में रेहला क्षेत्र के केतात कला गांव से पहुंचे दिव्यांग दंपति प्रमोद कुमार साव और सरिता देवी से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। बातचीत के दौरान दंपति ने बताया कि शारीरिक दिव्यांगता के कारण रोजमर्रा के कार्यों और आवागमन में उन्हें गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने अपनी सुविधा के लिए बैटरी से चलने वाली स्कूटी उपलब्ध कराने की मांग रखी।

दंपति की परेशानी सुनने के बाद उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्रता और प्रचलित नियमों के अनुरूप उपलब्ध सरकारी योजनाओं के तहत दंपति को सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए।

उपायुक्त ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनकी जरूरतों को प्राथमिकता देना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि पात्र लाभुकों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे।

दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने दंपति को भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनकी हरसंभव सहायता करेगा। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को सम्मानपूर्ण, सुरक्षित और सुगम जीवन उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

पलामू से विकाश कश्यप की रिपोर्ट