अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर पलामू जिला प्रशासन ने मंगलवार सुबह स्वास्थ्य, खेल और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 5 किलोमीटर मैराथन का आयोजन किया। जिला समाहरणालय परिसर से शुरू हुई यह दौड़ जीएलए कॉलेज मैदान, मेदिनीनगर पहुंचकर संपन्न हुई। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
मैराथन का नेतृत्व उपायुक्त एवं जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने किया। उन्होंने स्वयं प्रतिभागियों के साथ दौड़ लगाकर उन्हें प्रेरित किया और पूरे आयोजन के दौरान उनका उत्साह बढ़ाया। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य लोगों में नियमित व्यायाम, फिटनेस और खेल संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस की वैश्विक थीम "You Can Do This! Let's Move" रखी गई है। इसी संदेश को केंद्र में रखते हुए प्रतिभागियों को सक्रिय और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग खेल गतिविधियों से जुड़ सकें।
दौड़ समाप्त होने के बाद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। प्रथम से लेकर दसवें स्थान तक रहने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनकी उपलब्धि की सराहना की गई।
इस मौके पर उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास और सफलता की मजबूत नींव भी है। उन्होंने कहा कि अनुशासन, समर्पण और जुनून जैसे गुण किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आवश्यक हैं। उपायुक्त ने युवाओं से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने और स्वस्थ, सकारात्मक एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने की अपील की।
पलामू से विकाश कश्यप की रिपोर्ट