हुसैनाबाद में छोटू सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी साकेत पाठक गिरफ्तार! परिजनों को आमने-सामने बैठाने पर विवाद

हुसैनाबाद, पलामू : स्थानीय विधायक आवास से महज 50 गज की दूरी पर 2 सितंबर की रात हुई ओमप्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए मुख्य अभियुक्त बताए जा रहे साकेत पाठक को गिरफ्तार कर लिया है।

हुसैनाबाद, पलामू : स्थानीय विधायक आवास से महज 50 गज की दूरी पर 2 सितंबर की रात हुई ओमप्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए मुख्य अभियुक्त बताए जा रहे साकेत पाठक को गिरफ्तार कर लिया है। 

पुलिस ने इस मामले में कई अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की है। वैसे अभी पुलिस ने इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हालांकि, गिरफ्तारियों के बाद मृतक के परिजनों और पुलिस के बीच पूछताछ की प्रक्रिया को लेकर नया विवाद सामने आया है। हालांकि आज ही मृतक छोटू सिंह का श्राद्ध कर्म भी है।

 मृतक के परिजनों का आरोप है कि बीती रात हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार ने उन्हें गिरफ्तार अभियुक्त साकेत पाठक के समक्ष देवरी ओपी में उपस्थित होने के लिए कहा। परिजनों के अनुसार, उन्होंने इसका विरोध करते हुए कहा कि यदि किसी मामले में आमने-सामने बैठाकर पूछताछ अथवा पहचान संबंधी कार्रवाई करनी है तो वे श्राद्ध कर्म छोड़कर भी पुलिस अधीक्षक के समक्ष जाने को तैयार हैं। इसके बाद सुरक्षा कारणों से वे देवरी ओपी नहीं गए।

इधर, हत्याकांड में पहले से नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर उठ रहे सवालों के बीच मुख्य आरोपी समेत कई लोगों की गिरफ्तारी को पुलिस की जांच में महत्वपूर्ण प्रगति माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अब तक गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ क्या-क्या साक्ष्य जुटाए हैं और उनकी भूमिका क्या पाई गई है, इसका विस्तृत आधिकारिक ब्यौरा सामने नहीं आया है।

बताया जाता है कि हत्या के बाद पुलिस लगातार विभिन्न लोगों से पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों को बिना लिखित सूचना के हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की चर्चा भी क्षेत्र में थी। एक कॉलेज की महिला कर्मी से पूछताछ किए जाने की बात भी सामने आई थी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।अब मुख्य आरोपी समेत कई गिरफ्तारियां होने के बाद पुलिस की जांच का फोकस घटना की पूरी कड़ी, हत्या के कारण और अन्य आरोपियों की भूमिका स्पष्ट करने पर है।

मृतक के पिता भुनेश्वर सिंह उर्फ भूलन सिंह ने पूर्व में नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराते हुए अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की थी। लेकिन उन्हें सुरक्षा मुहैय्या नहीं कराया गया है।परिजनों का कहना है कि सुरक्षा को लेकर उनकी चिंता अभी भी बनी हुई है।

फिलहाल पुलिस अनुसंधान जारी है। ऐसे में गिरफ्तार आरोपियों को दोषी ठहराने के बजाय न्यायिक प्रक्रिया में सामने आने वाले साक्ष्यों और पुलिस की आधिकारिक जांच रिपोर्ट का इंतजार करना जरूरी है। वहीं, आमने-सामने पूछताछ को लेकर उठे सवालों पर भी पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

पलामू से विकाश कश्यप की रिपोर्ट