पांकी पलामू। पांकी प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के जन औषधि केंद्र में मरीजों की सेहत से खिलवाड़ करने का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक मरीज को एक्सपायरी (अवधि समाप्त) दवा बेचे जाने का आरोप लगा है।
80 रुपये में खरीदी थी दवा
सोमवार को एक मरीज ने पांकी सीएचसी स्थित जन औषधि केंद्र से करीब 80 रुपये में दवा खरीदी थी। मरीज के अनुसार, चिकित्सक डॉ. विनीत कुमार की सलाह पर दवा लेने के बाद जब उसने पैकेट पर एक्सपायरी तिथि देखी, तो उसे दवा के एक्सपायरी होने की जानकारी मिली। इसके बाद मरीज ने तुरंत इसकी शिकायत सीएचसी के चिकित्सा प्रभारी डॉ. महेंद्र प्रसाद को दी, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई। मरीज द्वारा खरीदी गई दवाओं में ओमोकासिन का उल्लेख किया गया है।
बिना फार्मासिस्ट के हो रहा था संचालन
चिकित्सा प्रभारी ने बताया कि जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि जन औषधि केंद्र का संचालन बिना फार्मासिस्ट के किया जा रहा था, जो कि नियमानुसार बिल्कुल उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच के बाद आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गड़बड़ी सामने आने के बाद फिलहाल जन औषधि केंद्र को बंद बताया जा रहा है।
चिकित्सकों और प्रशासन का पक्ष
ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. विनीत कुमार का कहना है कि चिकित्सकों के लिए ओपीडी में हर एक दवा की एक्सपायरी तिथि देखना संभव नहीं होता है। यह जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा कि एक्सपायरी दवा आखिर मरीज तक कैसे पहुंची। इस पूरे मामले की जानकारी सिविल सर्जन को भी दे दी गई है तथा संबंधित दवा विक्रेता से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। लोगों ने जन औषधि केंद्र में मौजूद दवाओं के स्टॉक और उनकी एक्सपायरी तिथियों की गहन जांच कराने के साथ-साथ इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय विभागीय जांच की मांग की है।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट