जामताड़ा जिले में अवैध खनन और कोयले की तस्करी के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ाते हुए एक अहम कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला प्रशासन के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने सोमवार शाम छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध कोयला जब्त किया। यह अभियान माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार की अगुवाई में नाला विधानसभा क्षेत्र के बिंदा पत्थर थाना क्षेत्र स्थित सोरेन पारा में चलाया गया।
प्रशासन को पहले से सूचना मिली थी कि उक्त इलाके में अवैध रूप से कोयले का भंडारण किया जा रहा है और उसे बाजार में खपाने की तैयारी चल रही है। इसी इनपुट के आधार पर टीम ने अचानक कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी, जहां करीब 5 टन कोयला जमा पाया गया।
जब्त किए गए कोयले को ट्रैक्टरों की मदद से सुरक्षित रूप से बिंदा पत्थर थाना ले जाया जा रहा है। इस बीच पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गए हैं, ताकि इस अवैध गतिविधि में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई तेज कर दी गई है और संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों के बीच खलबली मच गई है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि ऐसी गतिविधियों पर आगे भी लगातार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।