जामताड़ा में साइबर अपराध के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत पुलिस को एक अहम सफलता हाथ लगी है। कैशबैक के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक सक्रिय साइबर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, साइबर अपराध थाना की विशेष टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र में उत्क्रमित मध्य विद्यालय कशियाटांड़ के समीप सिनबार झाड़ी इलाके में छापेमारी की। इस दौरान तीन संदिग्धों को मौके से पकड़ा गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हातिम अंसारी (35), बिनोद मंडल (42) और नजरूद्दीन अंसारी (30) के रूप में हुई है, जो सभी जामताड़ा जिले के ही निवासी बताए जा रहे हैं। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से सात मोबाइल फोन और सात सिम कार्ड बरामद किए गए।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी Magicpin ऐप का नाम इस्तेमाल कर लोगों को PhonePe के माध्यम से ₹990 कैशबैक मिलने का फर्जी संदेश भेजते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति कैशबैक का विकल्प चुनता, रकम सीधे अपराधियों के Magicpin अकाउंट में ट्रांसफर हो जाती थी। इसके बाद यह राशि गिफ्ट कार्ड खरीदने में लगाई जाती थी, जिन्हें आगे कमीशन पर बेच दिया जाता था। पुलिस का कहना है कि इस ठगी का नेटवर्क देश के विभिन्न हिस्सों में फैला हुआ था।
इस मामले में जामताड़ा साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 04/26, दिनांक 20 जनवरी 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट 2023 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया कि मुख्य आरोपी हातिम अंसारी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी जामताड़ा साइबर अपराध थाना के एक मामले में आरोप पत्रित हो चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी हुई है।