रक्दान है महादान, रक्तदान शिविर का हुआ आयोजन, रक्तदाताओं को दिए गए प्रमाण पत्र

झारखंड के जामताड़ा जिले में गुरुवार को जामताड़ा महाविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-दो एवं जामताड़ा ब्लड बैंक के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

झारखंड के जामताड़ा जिले में गुरुवार को जामताड़ा महाविद्यालय परिसर में  राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-दो एवं जामताड़ा ब्लड बैंक के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, एनएसएस स्वयंसेवकों एवं अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आम लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था। 

शिविर का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर कौशल, प्रोफेसर डॉ. काकोली गोराई, डॉ. प्रीति कुमारी एवं डॉ. राम स्नेही राम ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान अतिथियों ने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए युवाओं को इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। रक्तदान से पूर्व चिकित्सा टीम द्वारा सभी इच्छुक रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई। स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप पाए गए लोगों से सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया। रक्तदान करने वाले युवाओं में काफी उत्साह देखा गया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर कौशल ने कहा कि रक्तदान एक महान मानवीय कार्य है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक जिम्मेदारी के तहत रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। डॉ. प्रीति कुमारी ने कहा कि स्वस्थ एवं योग्य लोगों को सुरक्षित तरीके से रक्तदान के प्रति जागरूक होना चाहिए। युवाओं की भागीदारी से समाज में रक्तदान को लेकर सकारात्मक संदेश जाता है।

शिविर को सफल बनाने में ब्लड बैंक की चिकित्सा टीम एवं एनएसएस स्वयंसेवकों अभिषेक कुमार, अनिकेश कुमार, भवानी कुमारी, प्रतीक्षा कुमार, राहुल, वरुण आदि ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। अंत में रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

जामताड़ा से संतोष की रिपोर्ट