जामताड़ा: जिले से सुकूनदायक खबर है। यहां बाढ़ के पानी में बह रहे एक अज्ञात व्यक्ति की ग्रामीणों द्वारा साहस दिखाकर जान बचाने की खबर सामने आयी है। ग्रामीणों की इस पहल की पूरे इलाके में सराहना हो रही है।
मिली जानकारी के अनुसार जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण अजय नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। तेज बहाव के बीच गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब पाथरघाटा घाट के पास बाढ़ के पानी में बह रहे एक अज्ञात व्यक्ति को ग्रामीणों ने साहस दिखाकर बचा लिया।
मिली खबर के अनुसार घटना गुरुवार की दोपहर करीब ढाई से तीन बजे की है। बताया जा रहा है कि पाथरघाटा गांव के कुछ ग्रामीण नदी किनारे मवेशी चरा रहे थे, तभी उनकी नजर तेज धारा में बह रहे एक व्यक्ति पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ग्रामीणों ने बिना देर किए एक-दूसरे की मदद से नदी में उतरकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अज्ञात व्यक्ति को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाला ले गई, जहां उसका इलाज चल रहा है। मामले में पुलिस अवर निरीक्षक हेमकांत ठाकुर ने बताया कि फिलहाल व्यक्ति की हालत ऐसी नहीं है कि वह अपना नाम-पता बता सके। उसके पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज भी नहीं मिला है। पुलिस उसकी पहचान के लिए प्रयास कर रही है। इस पूरे बचाव अभियान में ग्राम प्रधान दीनू दास के साथ कोकिल दास, दयाल दास, जनता दास समेत अन्य ग्रामीणों ने अहम भूमिका निभाई। ग्रामीणों की इस मानवीय पहल और सजगता की पूरे इलाके में सराहना हो रही है।
जामताड़ा से संतोष की रिपोर्ट