विष्णुगढ़ हत्याकांड में राजनीतिक कनेक्शन से बढ़ा विवाद, झामुमो ने भाजपा पर साधा निशाना

विष्णुगढ़ हत्याकांड में राजनीतिक कनेक्शन से बढ़ा विवाद, झामुमो ने भाजपा पर साधा निशाना

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Apr 02, 2026, 3:55:00 PM

झारखंड के हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में 12 वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले ने अब नया और सनसनीखेज मोड़ ले लिया है, जिसके बाद राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस जघन्य अपराध के पीछे कथित तौर पर बच्ची की मां और उसके करीबी सहयोगी भीम राम की भूमिका थी। जांच एजेंसियों के अनुसार, 24 मार्च को हुई इस घटना में भीम राम ने बच्ची का गला दबाकर हत्या की, जबकि मां ने उसे पकड़कर सहयोग किया।

जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी भीम राम स्थानीय स्तर पर भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा हुआ था और पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करता रहा है। उसके कुछ फोटो भी कथित तौर पर पार्टी नेताओं के साथ सामने आए हैं। मामले को और पेचीदा बनाते हुए यह तथ्य भी सामने आया कि घटना के बाद वह खुद सार्वजनिक रूप से सामने आकर बयान दे रहा था और अपराधियों को सख्त सजा देने की मांग कर रहा था।

इस खुलासे के बाद सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने विपक्षी भाजपा पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने इस घटना को मानवता को झकझोर देने वाला बताते हुए कहा कि नवरात्र जैसे पवित्र समय में एक बच्ची की हत्या अत्यंत दुखद और निंदनीय है। झामुमो ने भाजपा पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए सवाल उठाए हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से भी लगातार निशाना साधा है।

उल्लेखनीय है कि इस मामले के शुरुआती दौर में भाजपा ने राज्य सरकार को कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर घेरा था। हालांकि, जैसे ही आरोपी के राजनीतिक संबंधों की चर्चा सामने आई, राजनीतिक बयानबाजी का रुख बदल गया और अब दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।