हजारीबाग में 48 हजार से अधिक वाहन टैक्स डिफॉल्टर, एक सप्ताह में भुगतान नहीं तो वारंट-कुर्की की चेतावनी

हजारीबाग में 48 हजार से अधिक वाहन टैक्स डिफॉल्टर, एक सप्ताह में भुगतान नहीं तो वारंट-कुर्की की चेतावनी

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 26, 2026, 11:50:00 AM

हजारीबाग जिले में बड़ी संख्या में वाहन मालिकों द्वारा रोड टैक्स का भुगतान नहीं किए जाने पर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग के अनुसार जिले में 48,379 वाहनों का टैक्स बकाया है और इन पर कुल देनदारी एक अरब रुपये से अधिक पहुंच चुकी है। सभी डिफॉल्टरों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर बकाया राशि जमा करने का निर्देश दिया गया है।

जिला परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में टैक्स नहीं चुकाने वालों के खिलाफ सर्टिफिकेट केस दर्ज किया जाएगा। इसके तहत पहले वारंट जारी होगा और आवश्यकता पड़ने पर संपत्ति कुर्की की कार्रवाई भी की जा सकती है।

विभागीय आंकड़ों के मुताबिक सबसे अधिक बकाया ट्रक मालिकों पर है, जिनके जिम्मे करीब 80 करोड़ रुपये बाकी हैं। बस संचालकों पर लगभग चार करोड़ रुपये, जबकि ट्रेलर मालिकों पर करीब तीन करोड़ रुपये का टैक्स लंबित है। इसके अलावा तीन पहिया ऑटो और टोटो चालकों ने लगभग 30 लाख रुपये मोटर व्हीकल टैक्स जमा नहीं किया है। थ्री-व्हीलर गुड्स कैरियर और यात्री वाहन संचालकों पर करीब 39 लाख रुपये बकाया बताए गए हैं।

जिला परिवहन पदाधिकारी बैद्यनाथ कामती ने बताया कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने को है, इसके बावजूद बार-बार प्रयास के बाद भी बड़ी संख्या में वाहन स्वामियों ने टैक्स जमा नहीं किया। उन्होंने कहा कि डिफॉल्टरों में व्यावसायिक वाहनों के साथ निजी वाहन मालिक भी शामिल हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि तय समय में भुगतान नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई अनिवार्य रूप से की जाएगी।