एनएच-522 पर स्थित टाटीझरिया प्रखंड क्षेत्र में आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरुस्त करना हमेशा से एक बड़ी प्राथमिकता रही है। पिछले वर्ष स्थानीय लोगों की मांग पर हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल के विशेष प्रयास से तत्कालीन सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह के द्वारा क्षेत्र को एक 108 एम्बुलेंस की सौगात दी गई थी।
पिछले करीब एक महीने से तकनीकी खराबी के कारण यह एम्बुलेंस सेवा ठप पड़ी है, जिससे पूरा प्रखंड एक बार फिर एम्बुलेंस विहीन हो गया है और मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने इसपर संज्ञान लिया है। उन्होंने तत्काल अपने सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी को इस मामले पर संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर इसे सुचारु करने का निर्देश दिया। जिसके बाद सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर उनके संसदीय क्षेत्र के सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने तत्परता दिखाई।
रंजन चौधरी ने 108 एम्बुलेंस सेवा के हजारीबाग जिले के डिस्ट्रिक्ट को-ऑर्डिनेटर रोहित कुमार से फोन पर बात की। उन्होंने कहा कि इस एम्बुलेंस की तकनीकी खराबी को अविलंब दूर किया जाए, ताकि आपातकालीन स्थिति में जरूरतमंदों को समय पर चिकित्सा लाभ मिल सके। बातचीत के दौरान डिस्ट्रिक्ट को-ऑर्डिनेटर रोहित कुमार ने आश्वस्त किया कि अगले एक से दो दिनों के भीतर एम्बुलेंस को बनवाकर सेवा में पुनः सुचारु कर दिया जाएगा।
इस पहल से स्थानीय ग्रामीणों और एनएच पर सफर करने वाले राहगीरों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि इस क्षेत्र में दुर्घटनाओं के समय त्वरित चिकित्सा सहायता के लिए 108 एम्बुलेंस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रहती है।
सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी से बात करते हुए 108 एम्बुलेंस के डिस्ट्रिक्ट को-ऑर्डिनेटर रोहित कुमार का 108 एम्बुलेंस संचालन करने वाली कंपनी और सरकार की रवैये पर दर्द भी झलका। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मैं अपने पैसे से फिलहाल बनवा रहा हूँ लेकिन स्थिति बहुत ही खराब है ।
हजारीबाग से सुनील कुमार ठाकुर की रिपोर्ट