गुमला में बच्चा चोरी की आशंका पर दो लोगों की पिटाई, बाद में पार्क में सुरक्षित मिली बच्ची

गुमला में बच्चा चोरी की आशंका पर दो लोगों की पिटाई, बाद में पार्क में सुरक्षित मिली बच्ची

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 11, 2026, 10:53:00 AM

गुमला जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत चेटर चाहा गांव में मंगलवार रात अफवाह के कारण तनाव की स्थिति बन गई। गांव में बच्चा चोरी की आशंका फैलने के बाद लोगों की भीड़ ने संदेह के आधार पर दो व्यक्तियों को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट कर दी। इस घटना में बनू महतो और शिव सागर महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को भीड़ से मुक्त कराकर उनकी जान बचाई।

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम गांव की एक छोटी बच्ची चुपचाप घर से निकलकर पास के पार्क की ओर चली गई थी। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी तो परिवार के लोग परेशान हो गए और आसपास के ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान गांव में मौजूद बनू महतो और शिव सागर महतो को कुछ लोगों ने शक के आधार पर बच्चा चोरी से जोड़ दिया। बिना किसी ठोस प्रमाण के ग्रामीणों की भीड़ ने दोनों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी।

हमले के दौरान दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट के दौरान बनू महतो का कान भी कट गया, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को समझाकर स्थिति को काबू में किया और घायल दोनों व्यक्तियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

इसी बीच जिस बच्ची के अपहरण की आशंका जताई जा रही थी, वह कुछ समय बाद पास के पार्क में सुरक्षित मिल गई। बच्ची के मिलते ही स्पष्ट हो गया कि पूरा मामला महज अफवाह और गलतफहमी का परिणाम था।

पुलिस का कहना है कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर बच्चों के गायब होने और अपहरण से जुड़ी कई तरह की खबरें तेजी से प्रसारित हो रही हैं। इनमें से कई सूचनाएं जांच में भ्रामक और निराधार साबित हुई हैं, लेकिन इनसे लोगों के बीच डर और भ्रम का माहौल बन रहा है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी सूचना पर आंख बंद कर भरोसा न करें और पहले उसकी पुष्टि करें। अफवाह फैलाना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस ने यह भी कहा कि किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर लोग तुरंत स्थानीय थाना को सूचित करें या आपातकालीन नंबर 112 पर संपर्क करें। इसके अलावा जिला नियंत्रण कक्ष गुमला के फोन नंबर 9798148089 पर भी सूचना दी जा सकती है।

उधर, उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों और चौक-चौराहों पर माइकिंग कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि अफवाहों पर रोक लग सके और क्षेत्र में शांति और सामाजिक सौहार्द बना रहे।