गढ़वा जिले के खरौंधी प्रखंड मुख्यालय में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक प्रेम संबंध से जुड़े विवाद के बीच मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक अपनी प्रेमिका से विवाह कराने की मांग पर अड़ा था और लगातार आत्महत्या की चेतावनी दे रहा था। घटना के कारण इलाके में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।
मिली जानकारी के अनुसार, खरौंधी निवासी आदित्य कुमार एक निजी टेलीकॉम कंपनी के टावर पर चढ़ गया। टावर की ऊंचाई पर पहुंचकर उसने अपनी मांग दोहराई कि उसका विवाह संबंधित युवती से कराया जाए। युवक का कहना था कि यदि उसकी बात नहीं मानी गई तो वह टावर से छलांग लगा देगा।
घटना की सूचना मिलते ही खरौंधी थाना की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी गुलशन कुमार गौतम, एएसआई सुरेंद्र दुबे और अन्य पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मोर्चा संभाला। साथ ही युवक के परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे शांत कराने और नीचे उतरने के लिए मनाने का प्रयास शुरू किया गया।
इस बीच टावर के आसपास बड़ी भीड़ एकत्र हो गई, जिससे प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी। पुलिस और परिजनों द्वारा लगातार बातचीत किए जाने के बावजूद युवक काफी देर तक अपनी जिद पर कायम रहा।
लगभग चार घंटे तक चले समझाने-बुझाने के प्रयासों के बाद स्थिति तब बदली, जब संबंधित युवती भी मौके पर पहुंची। इसके बाद युवक नीचे आने के लिए तैयार हो गया। पुलिस अधिकारियों की संयमित कार्रवाई और लगातार संवाद के परिणामस्वरूप उसे सुरक्षित टावर से उतार लिया गया।
घटना के शांतिपूर्ण समाधान के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस की तत्परता और धैर्यपूर्ण हस्तक्षेप से एक संभावित हादसा टल गया।