उत्पाद सिपाही परीक्षा से पहले झारखंड में हाई अलर्ट, देर रात होटल-लॉज में पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी

उत्पाद सिपाही परीक्षा से पहले झारखंड में हाई अलर्ट, देर रात होटल-लॉज में पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Apr 11, 2026, 12:40:00 PM

झारखंड में 12 अप्रैल को आयोजित होने वाली उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देशन में पुलिस टीमों ने शुक्रवार देर रात जिले के विभिन्न हिस्सों में विशेष जांच अभियान चलाकर तैयारियों का जायजा लिया।

इस अभियान के तहत शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक फैले होटलों, लॉज, गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट और धर्मशालाओं में एक साथ छानबीन की गई। ठहरे हुए लोगों की पहचान की पुष्टि करने के साथ-साथ उनके ठहरने के कारणों की भी जानकारी ली गई। पुलिस ने कमरों की बारीकी से तलाशी ली और होटल प्रबंधन द्वारा संधारित रजिस्टर, पहचान पत्र एवं अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की। जहां भी रिकॉर्ड में अनियमितता पाई गई, वहां संचालकों को सख्त हिदायत दी गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए कई लोगों से पूछताछ भी की। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी की आशंका को खत्म करने के लिए यह कदम उठाया गया है।

इसके अलावा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। यात्रियों की जांच की जा रही है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है, जो आम लोगों के बीच रहकर सूचनाएं जुटा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह सतर्कता परीक्षा समाप्त होने तक जारी रहेगी। साथ ही अभ्यर्थियों और आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत डायल 112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।