धनबाद: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर देशभर में जारी राजनीतिक विवाद के बीच धनबाद में झामुमो छात्र मोर्चा ने प्रदर्शन किया। छात्र मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने रणधीर वर्मा चौक पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले का दहन किया और जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व JMM छात्र मोर्चा के जिला अध्यक्ष आजाद कुमार महतो ने किया। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और SIR प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
आजाद कुमार महतो ने आरोप लगाया कि SIR के माध्यम से बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि करीब 13 करोड़ नाम हटाए गए हैं और आरोप लगाया कि इसके जरिए वोट के अधिकार को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।
हालांकि, उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार SIR के ड्राफ्ट रोल में देशभर में 13 करोड़ से अधिक नामों की कमी दर्ज हुई है। निर्वाचन आयोग और केंद्र सरकार का कहना है कि यह प्रक्रिया मतदाता सूची को अपडेट करने तथा मृत, स्थानांतरित, डुप्लीकेट और अपात्र प्रविष्टियों को हटाने के लिए है। आयोग ने पात्र मतदाताओं के नाम गलत तरीके से हटने से बचाने के लिए दावे-आपत्ति और अपील की व्यवस्था भी बताई है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि SIR प्रक्रिया को लेकर उठ रही आपत्तियों की निष्पक्ष जांच हो और पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाए।
धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट