बरस गये सुधाकर, बोले, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के लिए पैसे नहीं और अदानी को मुफ्त में जमीन
राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता और बक्सर से सांसद सुधाकर सिंह ने सरकार पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के लिए पैसे नहीं दे रही है और अदानी को मुफ्त में जमीन दी जा रही है।

पटना: राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता और बक्सर से सांसद सुधाकर सिंह ने सरकार पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के लिए पैसे नहीं दे रही है और अदानी को मुफ्त में जमीन दी जा रही है। सुधाकर ने गुरूवार को राजधानी में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह बातें कहीं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुधाकर सिंह ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हर साल सवा लाख से अधिक छात्र बिहार से बाहर स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड की मदद से उच्च शिक्षा के लिए जाते हैं। यह योजना इसलिए लाई गई थी क्योंकि बिहार में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीकी पढ़ाई के लिए अच्छे विश्वविद्यालय नहीं हैं। अब सरकार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के पैसे रिलीज नहीं कर रही है जिसके कारण छात्र परीक्षा नहीं दे पा रहे हैं और परीक्षा दे भी दी तो रिजल्ट रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार अदानी को छह सौ से सात सौ करोड़ की जमीन मुफ्त में दे रही है और लगभग सभी सड़कों से टोल वसूल रही है लेकिन छात्रों के पैसे नहीं दे रही। जो युवा पढ़ लिखकर देश और राज्य को आगे ले जाते हैं वे अब आत्महत्या करने को मजबूर होंगे। सरकार बकाया राशि जल्द जारी करे नहीं तो साफ कहे कि पैसे नहीं हैं।
सुधाकर सिंह ने एसआइआर के मामले पर भी अपनी बातों को रखा। उनका कहना था कि एसआइआर को लेकरमैंने सुप्रीम कोर्ट में पिटीशन डाला लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लोकतंत्र की हत्या के लिए जितने दोषी ज्ञानेश कुमार हैं, उतना ही सुप्रीम कोर्ट भी है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक आंदोलन होगा, यह लड़ाई संसद में नहीं सड़कों पर होगी।
वहीं वायरल वीडियो पर उनका कहना था कि जब तक कुंदन कृष्णन जैसे भ्रष्ट पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होगी और माफियाओं के गठजोड़ को खत्म नहीं किया जाएगा, तब तक ऐसी घटनाएं होती रहेंगी। जमुई पीड़िता के परिवार की बिना ब्लर की हुई फोटो मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करने को लेकर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और सम्राट चौधरी पर भी एफआईआर होनी चाहिए।










