राज्य सरकार के निर्देश पर राज्यभर में चल रहे नशा मुक्ति अभियान को गति देते हुए धनबाद नगर निगम ने भी जनजागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत की। सोमवार को निगम मुख्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने नशे के खिलाफ सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर मानव श्रृंखला बनाकर समाज को नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में मौजूद सभी अधिकारियों और कर्मियों ने यह प्रण लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूरी बनाए रखेंगे तथा अपने परिवार, परिचितों और आम लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे। निगम परिसर में आयोजित इस पहल का उद्देश्य समाज में नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए सामूहिक भागीदारी को बढ़ावा देना रहा।
उप नगर आयुक्त संदीप अनुराग ने कहा कि नशे की लत केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करती, बल्कि परिवार की खुशहाली और सामाजिक व्यवस्था पर भी नकारात्मक असर डालती है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त झारखंड के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार यह अभियान केवल शपथ ग्रहण तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न इलाकों में रैली, जनसंपर्क अभियान और अन्य जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक नशा छोड़ने का संदेश पहुंचाया जा सके। निगम ने नागरिकों से स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक समाज के निर्माण में सहयोग देने तथा नशे से दूर रहने की अपील भी की।