धनबाद के झरिया स्थित जोड़ापोखर थाना क्षेत्र में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब डिगवाडीह कांटा घर के पास स्थित एक आउटसोर्सिंग डंप में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए विरोध प्रदर्शन करने लगे। मृतक की पहचान जेलगोड़ा 7 नंबर खपड़ाधौड़ा निवासी 45 वर्षीय शमीम अंसारी, जिन्हें स्थानीय लोग गुड्डू के नाम से जानते थे, के रूप में हुई है। जिस स्थान से शव मिला, वह अपेक्षाकृत सुनसान क्षेत्र बताया जा रहा है, जिससे लोगों के बीच कई तरह की शंकाएं पैदा हो गई हैं। स्थानीय निवासियों का मानना है कि यह सामान्य मौत नहीं, बल्कि किसी आपराधिक घटना का परिणाम हो सकता है। इलाके के लोगों ने पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि नियमित गश्ती की कमी के कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। लोगों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, उन्होंने चेतावनी दी कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी। सूचना मिलने के बाद जोड़ापोखर थाना की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद लोगों में नाराजगी साफ देखी गई। थाना प्रभारी उदय प्रताप ने बताया कि मृतक के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।