गैंगस्टर फहीम खान का कथित वायरल ऑडियो, बेटे ने कहा, फर्जी है ऑडियो

राज्य के जमशेदपुर के घाघीडीह सेंट्रल जेल में बंद वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर फहीम खान के नाम से सोशल मीडिया पर वायरल कथित ऑडियो क्लिप को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jul 25, 2026, 7:39:00 PM

राज्य के जमशेदपुर के घाघीडीह सेंट्रल जेल में बंद वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर फहीम खान के नाम से सोशल मीडिया पर वायरल कथित ऑडियो क्लिप को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। फहीम खान के बेटे इकबाल खान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस ऑडियो को एआई तकनीक से तैयार किया गया फर्जी ऑडियो बताया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए इसे विरोधियों की साजिश करार दिया। साथ ही युवाओं से अपराध की दुनिया से दूर रहने की अपील भी की।

शनिवार को वासेपुर स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में फहीम खान के पुत्र इकबाल खान ने कहा कि पिछले दो-तीन दिनों से सोशल मीडिया पर उनके पिता के नाम से एक ऑडियो वायरल किया जा रहा है, जिसमें कथित तौर पर रंगदारी मांगने और धमकी देने की बातें हैं। उन्होंने दावा किया कि यह ऑडियो पूरी तरह एआई की मदद से तैयार किया गया फर्जी क्लिप है, जिसमें उनके पिता की आवाज को क्लोन किया गया है। इकबाल ने आरोप लगाया कि उनके परिवार के विरोधी उनके पिता को बदनाम करने और कानूनी प्रक्रिया को प्रभावित करने के उद्देश्य से इस तरह की साजिश रच रहे हैं।

इकबाल खान ने कहा कि उनके पिता वर्ष 2009 से जेल में बंद हैं और हाल ही में सुप्रीम कोर्ट से उनकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ है। ऐसे समय में इस तरह का ऑडियो वायरल कर उन्हें फिर से विवादों में घसीटने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि फरार अपराधी प्रिंस खान के भाई बंटी खान की ओर से यह साजिश रची जा रही है। साथ ही उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि फरार प्रिंस खान को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाए और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इकबाल खान ने युवाओं से भावुक अपील भी की। उन्होंने कहा कि अपराध की राह किसी का भविष्य नहीं बनाती, बल्कि पूरे परिवार को बर्बाद कर देती है। उन्होंने युवाओं से नौकरी, व्यवसाय या अन्य वैध रोजगार अपनाकर अपने परिवार की जिम्मेदारियां निभाने की सलाह दी और कहा कि अपराध का दाग एक बार लग जाए तो उसे प्रिंस खान तो क्या उसका बाप भी नही मिटा सकता। 

धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट