धनबाद : धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र के डहुआटांडा के कटिहार मार्केट के रहने वाले सुरेश चौरसिया (70 साल) को मंगलवार की रात 9.45 बजे घर लौटते समय मनईटांड़ भगत जी मंदिर के समीप एफसीआई के चावल लोड ट्रक ने कुचल दिया जहां मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक को छोड़ मौके से फरार हो गया। घटना से गुस्साई भीड़ ने ट्रकों में तोड़फोड़ की और सड़क को जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही धनसार थाना सहित कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
FCI के ट्रक की लापरवाही के कारण राहगीर की जान गई है - स्थानीय लोग
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह तीसरी घटना जब एफसीआई के ट्रक की लापरवाही के कारण राहगीर की जान गई है। स्थानीय और परिजन मुआवजे के साथ-साथ सरकारी नौकरी की मांग को लेकर सड़क को जाम कर रखा है। स्थानीय ने मांग की है कि बरमसिया एफसीआई गोदाम से लेकर मनईटांड होते हुए सड़क जोड़ा फाटक तक संकीर्ण है और भीड़भाड वाला है। फिर भी एफसीआई की ट्रकों का आवाजाही शाम से ही हो जाता है, जिसके कारण जाम और दुर्घटना होती है।
असामाजिक तत्वों ने सरकारी चावल की बोरियों को चोरी कर आधा ट्रक चावल की चोरी भी कर ली
वहीं रात के अंधेरे का मौके का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों ने सरकारी चावल की बोरियों को चोरी कर आधा ट्रक चावल की चोरी भी कर ली। पुलिस के द्वारा चोरी किए जा रहे चावल को ले जा रहे लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। सुबह कई समाजसेवी पहुंचे और मुआवजा दिलाने का प्रयास जारी है। मृतक के परिजनों को तत्काल 20 हजार की राशि दाह संस्कार के लिए कुम्भ नाथ सिंह के द्वारा दिया गया।
धनबाद से नीतीश कुमार की रिपोर्ट