डिगवाडीह बिजली घर में प्रदर्शन, नियोजन-मुआवजे की मांग पर BCKU का अनिश्चितकालीन धरना

जिले के डिगवाडीह में बिजली कटौती, आरएसपी कॉलेज निर्माण में कथित अनियमितता और सुहानी देवी के परिजनों को नियोजन एवं उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर बीसीकेयू ने मोर्चा खोल दिया है।

धनबाद : जिले के डिगवाडीह में बिजली कटौती, आरएसपी कॉलेज निर्माण में कथित अनियमितता और सुहानी देवी के परिजनों को नियोजन एवं उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर बीसीकेयू ने मोर्चा खोल दिया है। आंदोलनकारियों ने डिगवाडीह सब स्टेशन के समक्ष प्रदर्शन किया, वहीं बीसीसीएल ईजे एरिया के भौरा जीएम कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारियों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।

डिगवाडीह में बीसीकेयू के बैनर तले बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समर्थक सड़क पर उतर चुके हैं। आंदोलनकारियों ने सबसे पहले डिगवाडीह सब स्टेशन के समक्ष बिजली व्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बीसीसीएल की कॉलोनियों में नियमित बिजली आपूर्ति नहीं होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर बीसीसीएल प्रबंधन को ज्ञापन सौंपकर बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की गई।

आंदोलनकारियों ने निर्माणाधीन नए आरएसपी कॉलेज का मुद्दा भी उठाया। उनका आरोप है कि कॉलेज निर्माण के कार्य में कथित तौर पर अनियमितता बरती जा रही है। बीसीकेयू ने पूरे मामले की जांच कराने और अगर अनियमितता सामने आती है तो कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं सुहानी देवी के परिजनों को नियोजन और वर्तमान दर के अनुसार उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर भी आंदोलनकारियों ने आवाज बुलंद की। रैयत पक्ष का कहना है कि उनके हक और अधिकार का उचित तरीके से समाधान होना चाहिए।

इन तमाम मांगों को लेकर बीसीकेयू ने बीसीसीएल ईजे एरिया के भौरा जीएम कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक बीसीसीएल प्रबंधन उनकी मांगों पर ठोस पहल नहीं करता, तब तक धरना जारी रहेगा। बीसीकेयू ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल डिगवाडीह में प्रदर्शन और अनिश्चितकालीन धरने को लेकर बीसीसीएल प्रबंधन पर दबाव बढ़ गया है।


धनबाद से नीतीश की रिपोर्ट