बोकारो। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा सेक्टर-2 कमेटी ने सराहनीय पहल की है। बोकारो पुलिस अधीक्षक की अपील पर कमेटी ने सेक्टर-2/C के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर 8 सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए सहयोग राशि प्रदान की है। वहीं, फल दुकानदार पन्ने लाल चौरसिया ने राम मंदिर चौक पर 3 सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं।
डीएसपी नगर कार्यालय में डीएसपी नगर एवं बीएस सिटी थाना प्रभारी की मौजूदगी में कमेटी की ओर से सीसीटीवी इंस्टॉलेशन कंपनी को सहयोग राशि सौंपी गई।
इस पहल के लिए बोकारो पुलिस ने कमेटी, अध्यक्ष संदीप कुमार सिंह और पन्ने लाल चौरसिया के प्रति आभार जताया है। पुलिस ने अन्य नागरिकों, व्यवसायियों और सामाजिक संगठनों से भी अपने क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की है।
पुलिस का मानना है कि कैमरों की मदद से अपराध पर अंकुश लगाने और आपराधिक घटनाओं का शीघ्र उद्भेदन करने में काफी सहायता मिलेगी।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट