बोकारो: जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी अजय नाथ झा ने बुधवार को बोकारो शहरी क्षेत्र का निरीक्षण कर जलजमाव, जर्जर भवनों और अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहर में कई ऐसे भवन हैं, जो कभी भी गिर सकते हैं। ऐसे भवनों को चिह्नित कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
शहरी क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में जलजमाव की समस्या को देखते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इसके स्थायी समाधान की दिशा में काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान नागरिकों को परेशानी न हो, इसके लिए जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना जरूरी है।
सिटी सेंटर सेक्टर-4 में दुकानदारों द्वारा कॉरिडोर पर कब्जा किए जाने पर उपायुक्त खासे नाराज दिखे। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में यदि कॉरिडोर ही दुकानदारों के कब्जे में रहेगा तो आम लोग पैदल कहां जाएंगे? उन्होंने बीएसएल अधिकारियों को निर्देश दिया कि कॉरिडोर पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों पर जुर्माना लगाया जाए। उपायुक्त ने सख्त चेतावनी दी कि तीन बार जुर्माना लगाने के बावजूद यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो संबंधित दुकानों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट