बोकारो के चास में चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चास थाना से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर महावीर चौक स्थित एक घर और मेडिकल दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। खिड़की तोड़कर अंदर घुसे चोर करीब 25 से 30 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो गए।
घटना 15 अगस्त की रात करीब दो से तीन बजे के बीच की बताई जा रही है। पीड़ित धरणीधर चंद्र के आवेदन के अनुसार, चोर घर की दक्षिण दिशा की खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हुए। घटना के वक्त परिवार के सदस्य ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे।
चोरों ने घर में रखे करीब 70 हजार रुपये नकद के अलावा सोने की अंगूठियां, हार, चेन, चूड़ियां, लॉकेट, कान की बालियां, मांगटीका समेत कई आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चांदी के जेवरात और Redmi A7 Pro 5G मोबाइल भी चोरी होने की बात सामने आई है।
सुबह परिजनों को चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद चास थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों की पहचान हो सके।
वहीं स्थानीय लोगों ने घर के पीछे अक्सर नशेड़ियों के जमावड़े की बात कही है। लोगों का कहना है कि इस वजह से इलाके में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से नशेड़ियों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस चोरी की वारदात में शामिल आरोपितों की तलाश और चोरी गए सामान की बरामदगी में जुटी है।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट