12.50 लाख में मजदूर की जिंदगी का सौदा ? काम के दौरान गई जान

बोकारो के बालीडीह थाना क्षेत्र स्थित सुंदरम स्टील कंपनी में काम के दौरान एक सफाई मजदूर की मौत ने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अजय कॉल कंपनी में सीधे नहीं, बल्कि एक कॉन्ट्रैक्ट कंपनी के अधीन सफाई का काम करता था।

बोकारो के बालीडीह थाना क्षेत्र स्थित सुंदरम स्टील कंपनी में काम के दौरान एक सफाई मजदूर की मौत ने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक की पहचान देवघर जिले के देवीपुर निवासी अजय कॉल के रूप में हुई है। अजय कॉल कंपनी में सीधे नहीं, बल्कि एक कॉन्ट्रैक्ट कंपनी के अधीन सफाई का काम करता था।

बताया जा रहा है कि काम के दौरान अचानक उसकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही कंपनी परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना पर बालीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। हालांकि, मजदूर की मौत आखिर किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

घटना के बाद मुआवजे को लेकर सहमति बनी। डिप्टी लेबर कमिश्नर रंजीत कुमार के अनुसार, सुंदरम स्टील कंपनी की ओर से 10.50 लाख रुपये और ठेकेदार की ओर से 2 लाख रुपये, यानी कुल 12.50 लाख रुपये मृतक के आश्रित को दिए गए हैं।

लेकिन सवाल सिर्फ मुआवजे का नहीं है। सवाल यह है कि आखिर फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों की नियमित जांच कितनी गंभीरता से होती है? हादसे के बाद मुआवजा देकर जिम्मेदारी खत्म हो जाती है या ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम भी उठाए जाते हैं? मृतक के परिवार के लिए 12.50 लाख रुपये मदद जरूर हैं, लेकिन अजय कॉल की जिंदगी की कीमत क्या सिर्फ इतनी ही रह जाएगी?

बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट