पटना के ऐतिहासिक रवीन्द्र भवन का सभागार रविवार, 27 सितंबर 2026 को शिक्षा, सम्मान और संकल्प के अद्भुत संगम का साक्षी बना। प्राइवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (PSACWA) द्वारा आयोजित 14वां शिक्षक सम्मान समारोह एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद शमायल अहमद की गरिमामयी अध्यक्षता में भव्यतापूर्वक संपन्न हुआ।
समारोह का शुभारंभ बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, भारतीय जनता पार्टी के मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया, पदम् श्री डॉ सी पी ठाकुर, बहरैन से आये सैयद अफरोज, अमेरिका से आई सुनीता कुमारी, डॉ एस पी वर्मा, डॉ श्याम नारायण कुमार, फादर डॉमिनिक, सिस्टर मृदुला, सिस्टर सरिता,डॉ देवानंद झा एवम एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद शमायल अहमद, ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस ऐतिहासिक समारोह में बिहार के सभी 38 जिलों से आए 3,000 निजी विद्यालय निदेशकों एवं प्राचार्यों को शिक्षा और समाज के विकास में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता का उत्सव बना यह आयोजन शिक्षाविदों के समर्पण, कठिन परिश्रम और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का जीवंत प्रमाण था। इस अवसर पर पद्मश्री डॉ सी पी ठाकुर को लाइफ़ टाइम अचीवमेंट के सम्मान से सम्मानित किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बिहार की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में निजी विद्यालयों के उल्लेखनीय योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन ने बिहार के निजी विद्यालयों को एक सशक्त, संगठित और प्रभावशाली मंच प्रदान किया है। और बिहार के लगभग 25,000 निजी विद्यालयों और उनका नेतृत्व करने वाले एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद शमायल अहमद को उनके सराहनीय प्रयासों के लिए हार्दिक बधाई दी। साथ ही आश्वस्त किया कि निजी विद्यालयों से जुड़ी सभी समस्याओं का निदान राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद शमायल अहमद के साथ बैठ कर अतिशीर्ध हल किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, भारतीय जनता पार्टी के मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया ने कहा कि समाज को प्रगति और समृद्धि की दिशा में आगे ले जाने में निजी विद्यालयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस मौके पर समारोह की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद शमायल अहमद ने शिक्षा मंत्री का ध्यान केंद्रित करते हुए निजी विद्यालयों की कई समस्याओं पर रोशनी डाली जिसपर शिक्षा मंत्री ने शिक्षा विभाग के साथ बैठ कर अतिशीर्ध इन मुद्दों को हल करने की बात कही
उत्साह, उमंग और तालियों की गूंज के बीच संपन्न हुए इस विशाल समारोह का प्रभावशाली एवं सुव्यवस्थित संचालन एसोसिएशन की राष्ट्रीय कार्यालय सचिव फौजिया खान ने किया। उन्होंने सभी माननीय अतिथियों, शिक्षाविदों, विद्यालय निदेशकों, प्राचार्यों, पदाधिकारियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।