वैशाली नाव हादसा : गंगा नदी में नाव पलटने से 13 लोगों की मौत, CM सम्राट ने किया मुआवजे का ऐलान

बिहार के हाजीपुर में मंगलवार देर शाम गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। नाव पर 20 से अधिक लोग सवार थे। हादसे में अभी तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है, जबकि छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हाजीपुर (वैशाली) : बिहार के हाजीपुर में मंगलवार देर शाम गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। नाव पर 20 से अधिक लोग सवार थे। हादसे में अभी तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है, जबकि छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। एक नाव हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। रामपुर पंचायत में मातम पसरा है, चीख-पुकार मची है और हर किसी की निगाहें अपनों की तलाश में टिकी हैं। घटना वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड के रामपुर श्यामचंद की है।

रामपुर पंचायत से कुछ लोग भोज में शामिल होने के लिए जा रहे थे

बताया जा रहा है कि रामपुर पंचायत से कुछ लोग भोज में शामिल होने के लिए जा रहे थे। रास्ते में नदी पार करने के लिए वे एक छोटी नाव पर सवार हुए। सफर सामान्य लग रहा था, लेकिन अचानक नाव बीच पानी में पलट गई। फिर देखते ही देखते खुशियों से भरा सफर चीख-पुकार में बदल गया। नाव पर सवार लोग पानी में डूबने लगे। हादसे की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजन अपने बच्चों और परिवार के दूसरे सदस्यों की तलाश में बेचैन हो उठे। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि इस हादसे में बच्चों की मौत की सूचना सामने आ रही है। 

कई लोगों के लापता होने की खबर से परिजनों की चिंता और बढ़ गई है

वहीं, कई लोगों के लापता होने की खबर से परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। अब सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर नाव कैसे पलटी? क्या नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे? क्या सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे? इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे। फिलहाल, प्राथमिकता होनी चाहिए कि लापता लोगों की जल्द से जल्द तलाश हो, बचाव अभियान तेज किया जाए और प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद मिले।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने लापता लोग भी तुरंत खोजबीन में जुट गए

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने लापता लोग भी तुरंत खोजबीन में जुट गए। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस हरकत में आई है। एसडीआरएफ को सूचना दी गई। हादसे के बाद कुछ लोगों ने तैरकर अपनी जान बचा ली। हालांकि प्रशासनिक स्तर से मौतों का आंकड़ा अभी स्पष्ट नहीं किया गया है। संख्या ऊपर नीचे हो सकती है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों के यहां कोहराम मच गया है।

CM सम्राट ने किया मुआवजे का ऐलान

वहीं नाव हादसे में मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से चार-चार लाख रुपए दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। बिहार के मुख्यमंत्री ने कहा कि वैशाली के राघोपुर में नाव हादसे में मासूमों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।

वैशाली से संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट