प्रधानमंत्री के वैशाली दौरे को लेकर NDA की बड़ी तैयारी, लाखों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 21 नवंबर को वैशाली आगमन को लेकर एनडीए ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इंडस्ट्रियल पार्क का शिलान्यास और करोड़ों रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने की संभावना है।

हाजीपुर (वैशाली) : देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 21 नवंबर को वैशाली आगमन को लेकर एनडीए ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन, इंडस्ट्रियल पार्क का शिलान्यास और करोड़ों रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने की संभावना है। वैशाली में बैठक के दौरान आज बिहार बीजेपी प्रभारी हरीश द्विवेदी, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और मंत्री दीपक प्रकाश सहित कई लोग मौजूद थे।

NDA के पांचों घटक दलों के नेता, मंत्री व विधायक एकजुट होकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में शामिल हुए

इसी कड़ी में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय सहित एनडीए के पांचों घटक दलों के नेता, मंत्री और विधायक एकजुट होकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में शामिल हुए। बैठक में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई। कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने और लाखों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य देते हुए कई दिशा-निर्देश दिए गए। 

छठ पूजा के ठीक बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वैशाली की धरती पर आगमन होने जा रहा है - केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय

बैठक के बाद केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने मीडिया से बातचीत में कहा कि छठ पूजा के ठीक बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वैशाली की धरती पर आगमन होने जा रहा है। इसे लेकर पूरा वैशाली जिला उत्साहित है और एनडीए के सभी पांचों घटक दल मिलकर इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाएंगे।

हाजीपुर से संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट