सासाराम। रोहतास जिले के धौड़ाढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर मंगलवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक युवक की स्थिति गंभीर बताई जाती है। घटना दिल्ली कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर लेरुआ पुल के समीप की है।
सड़क पार करने के दौरान अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि एक ही बाइक पर सवार तीन लोग राष्ट्रीय राजमार्ग से कहीं जा रहे थे, तभी लेरुआ पुल के समीप डिवाइडर क्रॉस करने के दौरान एक अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार घायलों में राहुल कुमार, सुगंधा कुमारी तथा एक अन्य युवक शामिल है।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
वहीं घटना की सूचना मिलते हीं डायल 112 एवं एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मामले में डायल 112 टीम में तैनात एसआई पियूष नंदन ने बताया कि सड़क हादसे में दो युवक और एक युवती घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा फरार वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट