सासाराम: नेटवर्क मार्केटिंग का गंदा खेल, गुजरात के युवक को बंधक बनाकर फिरौती की मांग

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 20, 2026, 3:29:00 PM

सासाराम। रोहतास जिले से नेटवर्क मार्केटिंग के जरिए एक युवक को बंधक बनाकर पैसे उगाही करने का एक अनोखा मामला सामने आया है। इस मामले में सासाराम मुफस्सिल थाने की पुलिस ने सोमवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्तीपुर जिले के मोहम्मद इरफान नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह में शामिल एक महिला समेत दो आरोपी फरार बताए जाते हैं।  

नौकरी का झांसा देकर बनाया बंधक

दरअसल पूरा खेल नेटवर्क मार्केटिंग के जरिए नौकरी का झांसा देकर रचा गया था। जानकारी के अनुसार आरोपियों ने गैवेल नेटवर्क मार्केटिंग नामक कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर गुजरात के एक युवक अगोड़ा मुकेश भाई को पहले सासाराम बुलाया, फिर सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेदा स्थित एक मकान में उसे बंधक बना लिया।

50 हजार महीने का दिया लालच

आरोपियों ने गिरोह में शामिल एक महिला कर्मी के माध्यम से फोन कॉल कर उसे 50 हजार से 60 हजार रुपए प्रति महीना कमाने का झांसा दिया था। चूंकि झांसे में आने के बाद जब उक्त युवक सासाराम रेलवे स्टेशन पहुंचा, तो उसे एक लड़की ने रिसीव किया और बेदा स्थित एक मकान पर ले गई, जहां उसे बंधक बना लिया गया।

बंधक बनाकर परिजनों से पैसे की मांग

वहीं आरोपियों ने उक्त युवक को लगभग दस दिनों तक बंधक बना कर रखा। इस दौरान उन्होंने परिजनों से पैसे की वसूली की तथा परिजनों से फोन के माध्यम से कुछ पैसे भी ऐंठ लिए। हालांकि परिजनों ने जब इसकी शिकायत गुजरात के अहमदाबाद पुलिस थाने में की, तो वहां की पुलिस ने बिहार पुलिस से संपर्क किया और फिर पूरे मामले का खुलासा हुआ।

एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार 

मामले में सदर एसडीपीओ दो संजीव कुमार ने बताया कि सासाराम मुफस्सिल थाने की पुलिस ने बेदा गांव स्थित एक मकान में छापामारी कर अहमदाबाद निवासी अगोड़ा मुकेश भाई को मुक्त करा लिया है। पुलिस ने मोहम्मद इरफान नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो सहरसा जिला का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि इस मामले में एक महिला सहित दो अन्य लोगों की भी संलिप्तता सामने आई है। जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।

सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट