रोहतास। दीपावली और छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए रोहतास जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कई आवश्यक निर्देश दिए।
सासाराम स्थित कलेक्ट्रेट के डीआरडीए सभागार में आयोजित बैठक में जिले के एसडीएम, एसडीपीओ, अंचलाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने दीपावली और छठ पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। दीपावली के मद्देनजर पटाखा दुकानों की जांच करने और सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया।
वहीं, पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज ने बताया कि पटाखा दुकानों की जांच-पड़ताल के साथ अवैध पटाखा कारोबार करने वालों पर नजर रखने और संदिग्ध स्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा छठ पूजा के दौरान घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और खतरनाक घाटों को चिह्नित करने को कहा गया है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
रोहतास से लव कुमार की रिपोर्ट