बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कैमूर दौरे के बाद मंगलवार को करीब एक बजे हवाई मार्ग से रोहतास जिले के बड्डी गांव पहुंचे। यहां उन्होंने भारतीय क्रिकेटर आकाशदीप के बड्डी गांव स्थित पैतृक आवास पर जाकर परिजनों से मुलाकात की और आकाशदीप के आगामी वैवाहिक जीवन के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं व आशीर्वाद दिया। इस दौरान सम्राट चौधरी के साथ बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत अन्य अधिकारी व नेता मौजूद रहे।
कैमूर दौरे पर थे मुख्यमंत्री
बता दें कि मुख्यमंत्री अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को कैमूर आए थे। जहां उन्होंने प्रसिद्ध मां मुंडेश्वरी धाम में दर्शन पूजन किया और एक सहयोग शिविर में शिरकत करते हुए कैमूर जिले के लिए कई योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया।
हवाई मार्ग से पहुंचे रोहतास
कैमूर में सभी कार्यक्रमों में शामिल होकर मुख्यमंत्री दोपहर करीब एक बजे हेलिकॉप्टर से सीधे रोहतास जिले के बड्डी गांव पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पहले से ही दो हेलीपैड बनाए गए थे, जहां से वे क्रिकेटर आकाशदीप के घर पहुंचे। हालांकि इस दौरान बड्डी गांव में मुख्यमंत्री से मिलने के लिए एनडीए के स्थानीय नेताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित थे।
परिजनों से मुलाकात, उज्जवल भविष्य की कामना
आकाशदीप के पैतृक आवास पहुंचने पर सम्राट चौधरी का आकाशदीप व उनके परिजनों समेत स्थानीय भाजपा नेताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। आकाशदीप के आवास पर सीएम ने लगभग 45 मिनट का वक्त बिताया और उनकी माता एवं परिवार के अन्य सदस्यों से बातचीत करते हुए क्रिकेटर के हालिया प्रदर्शन की खूब सराहना की। अंत में सम्राट चौधरी आकाशदीप के घर पर लंच करने के बाद आगामी वैवाहिक जीवन एवं उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए सिवान के लिए रवाना हो गए।
सीएम की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
जिले के शिवसागर प्रखंड अंतर्गत बड्डी गांव में सीएम के आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। हेलीपैड से लेकर क्रिकेटर आकाशदीप के आवास तक सौ से अधिक दंडाधिकारी एवं भारी संख्या में पुलिस बल तैनात थे। इस दौरान जिलाधिकारी उदिता सिंह एवं रोहतास एसपी रौशन कुमार खुद मौके पर मौजूद रहे और गांव की हर गतिविधि पर ड्रोन से नजर रखी जा रही थी।