सासाराम। रोहतास जिले के डेहरी विधानसभा क्षेत्र से लोजपा (रामविलास) के विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह के भाषण का एक वीडियो शनिवार को वायरल हो गया। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि हम नहीं करते, लेकिन वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दें रहे हैं।
मंच से संबोधन के दौरान फिसली जुबान
प्राप्त जानकारी के अनुसार डेहरी विधायक सोनू सिंह शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान डेहरी नगर थाना क्षेत्र के दरिहट स्थित रामप्यारी बालिका 10+2 विद्यालय में मंच से छात्रों को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान विधायक की जुबान फिसल गई, जो अब चर्चा का विषय बनी हुई है।
15 अगस्त को बताया 26 जनवरी
दरअसल डेहरी विधायक राजीव रंजन उर्फ सोनू सिंह मंच से संबोधन के दौरान 15 अगस्त की जगह 26 जनवरी कहते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि इस दौरान विधायक ने तुरंत अपनी भूल सुधार करते हुए आगे छात्रों को संबोधित किया और छात्रों के उत्साह को देखते हुए गदगद नजर आए।
छात्राओं ने पकड़ी विधायक की गलती
इस पूरे प्रकरण में दिलचस्प बात यह रही कि विधायक की गलती मंच के सामने खड़ी छात्राओं ने हीं पकड़ी। भाषण के दौरान जैसे हीं विधायक ने 26 जनवरी कहकर बच्चियों की उत्सुकता का जिक्र किया, वहां मौजूद छात्राएं मंच के नीचे से हीं 15 अगस्त चिल्लानें लगीं। विधायक की इस गलती से कुछ देर के लिए हंसी का माहौल बन गया और वहां मौजूद लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ गई।
भाषण का छोटा हिस्सा वायरल
वहीं विधायक सोनू सिंह के 22 सेकंड के भाषण का हिस्सा अब विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है। इतना हीं नहीं वीडियो पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं। कोई विधायक का बचाव करते हुए जुबान फिसलने की बात कर रहा है तो कोई चिराग पासवान के विधायक की इस गलती पर चुटकी ले रहा है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट