सासाराम। अकवान चक्रवात के कारण लगातार दो दिनों तक हुई बारिश से जिले के किसानों को भारी नुकसान हुआ है। धान का कटोरा कहे जाने वाले रोहतास जिले के अधिकांश इलाकों में फसल तैयार होने के बाद कटाई चल रही थी, लेकिन बारिश ने किसानों के मंसूबे पर पानी फेर दिया। आज किसानों के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है और वे रो रहे हैं। उक्त बातें स्थानीय सांसद मनोज राम ने सासाराम आगमन के दौरान जिला अतिथि गृह में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही।
सांसद ने बताया कि उन्होंने करगहर के डिभियां, कपटियां, भोखरी समेत कई गांवों का दौरा किया है, जहां किसानों की फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है। उन्होंने शासन प्रशासन से अपील किया कि सरकार फसल नुकसान का सही आंकलन कर किसानों की मदद करें।
कार्यालय से बाहर निकलकर आंकलन करें विभाग
फसल नुकसान के सवाल पर सांसद मनोज राम ने कहा कि बारिश के कारण किसानों की क्षति पूर्ति के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों को अपने कार्यालय से बाहर निकलकर आंकलन करना चाहिए। खास तौर पर जिले के छोटे किसानों को बारिश से काफी नुकसान हुआ है ऐसे में अगर कृषि विभाग को नुकसान नहीं दिखता है, तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों की क्षतिपूर्ति के लिए सरकार को बिना भेदभाव के मदद करनी चाहिए।
मीडिया से दूरी बनाए रखने पर बोले
वहीं कृषि विभाग से जुड़े विभिन्न विषयों पर जिला कृषि पदाधिकारी प्रभाकर कुमार द्वारा मीडिया से दूरी बनाए रखने के रवैये को लेकर सांसद मनोज राम ने कहा कि कोई भी अधिकारी जनता का सेवक होता है, ना की बादशाह। बारिश के कारण जिले के किसानों को भारी नुकसान हुआ है। ऐसे में फसल नुकसान को लेकर विभाग द्वारा जो भी कदम उठाए जा रहे हैं, उसे जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा मीडिया के समक्ष रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि डीएम एसपी से लेकर एमपी एमएलए तक मीडिया के समक्ष अपना पक्ष रखते हैं, इसलिए जिला कृषि पदाधिकारी को भी बताना होगा कि वे किसानों की क्षतिपूर्ति के लिए क्या कर रहे हैं।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट