सोमवारी पर दर्शन के लिए गुप्ता धाम जा रहे पिता-पुत्री नहर में गिरे, तेज बहाव में दोनों लापता

सावन के दूसरे सोमवारी पर भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए कैमूर पहाड़ी स्थित गुप्ता धाम जा रहे एक पिता पुत्री बाइक सहित नहर में जा गिरे, जिससे नहर के तेज बहाव में दोनों बह गये।

रोहतास जिले के संझौली थाना क्षेत्र से रविवार की शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सावन के दूसरे सोमवारी पर भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए कैमूर पहाड़ी स्थित गुप्ता धाम जा रहे एक पिता पुत्री बाइक सहित नहर में जा गिरे, जिससे नहर के तेज बहाव में दोनों बह गये। घटना संझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर लख के समीप तिलई मोड़ की बताई जाती है।

घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि तिलई गांव निवासी रामप्रकाश राम अपनी पुत्री सलोनी कुमारी के साथ बाइक से गुप्ता धाम जा रहे थे,  तभी तीखे मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। नहर का बहाव इतना तेज था कि दोनों चंद मिनटों में हीं लापता हो गये। प्राप्त जानकारी के अनुसार रामप्रकाश राम असम राइफल्स में कार्यरत हैं और छुट्टी पर गांव आए हुए थे।

हादसे की सूचना मिलते हीं घटना स्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना संझौली पुलिस को दी और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया गया। बता दें कि नहर के तेज बहाव के कारण गोताखोरों को भी सर्च अभियान में परेशानी उठानी पड़ रही है।

इधर घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिवार के कई सदस्य घटनास्थल पर मौजूद हैं और महिलाओं में चीख पुकार मची है। मामले में पुलिस का कहना है कि फिलहाल स्थानीय गोताखोरों की मदद से पिता-पुत्री की तलाश चल रही है और एसडीआरएफ टीम को भी सूचना दे दी गई है।

सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट