समस्तीपुर: रोसड़ा शहर के सिनेमा चौक निवासी नाना सीताराम सहनी के नखबाल के दौरान बूढ़ी गंडक नदी के सीढ़ी घाट में स्नान करने उतरी पुत्री और नातिन की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिनेमा चौक निवासी सीताराम सहनी का सोमवार को बूढ़ी गंडक नदी के सीढ़ी घाट पर नखबाल के बाद स्नान करने के दौरान उनकी 25 वर्षीय पुत्री सोनी कुमारी और उनकी नातिन काजल कुमारी 19 वर्ष नदी में स्नान करने गईं।
स्नान करने के दौरान गहरे पानी में एक दूसरे को बचाने में चली गईं और डूबने लगीं। घाट पर मौजूद लोगों की नजर पड़ने पर तुरंत बचाने का प्रयास किया गया। स्थानीय लोगों की मदद से सोनी कुमारी को पानी से बाहर निकालकर आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, नातिन काजल कुमारी का शव घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर बरामद किया गया।
मृतक काजल कुमारी, सीताराम सहनी की बड़ी पुत्री की बेटी थीं और बरैठा गांव की रहने वाली थीं। वह अपने नाना के घर यानी ननिहाल में श्रद्ध कर्म में शामिल होने के लिए आई हुई थीं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत रोसड़ा थाने को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही रोसड़ा थाने के एसआई राजू सिंह अपने पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।
पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन शोकाकुल परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया। एक ही परिवार में दो-दो मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है और सांत्वना देने वाले हर शख्स की आंखें नम हैं।
समस्तीपुर से संतोष कुमार ठाकुर की रिपोर्ट